आगरा के नगला बुद्धा में दरोगा पर महिलाओं से बदसलूकी करने का आरोप
- आगरा में खाकी को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिले के नगला बुद्धा गांव (अछनेरा) में एक दरोगा पर दबिश के दौरान महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है।

आगरा में खाकी को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिले के नगला बुद्धा गांव (अछनेरा) में एक दरोगा पर दबिश के दौरान महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर मामले की शिकायत की है। आरोप है कि दरोगा ने महिलाओं के साथ मारपीट की और एक बीमार महिला को धक्का मारा। महिला के हाथ में चोट लगी है।
थाना अछनेरा के गांव नगला बुद्धा निवासी पारस पुत्र मान सिंह न्यू दक्षिणी बाईपास रायभा पर स्थित टोल प्लाजा पर नौकरी करता है। 15 मई को फास्टैग लाइन में अज्ञात कार चालक टोल टैक्स देने से मना कर रहा था। पारस ने उससे टोल देने के बाद ही गाड़ी निकलने की बात कही। इस पर कार चालक ने पारस से गाली-ग्लौज कर दी। मामले में कार चालक ने पारस सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
आरोप है कि इसी बात पर सोमवार रात साढ़े आठ बजे चौकी इंचार्ज कुकथला आजाद सिंह दो सिपाहियों के साथ पारस के घर पर दबिश देने के लिए पहुंचे। आरोप है कि चौकी इंचार्ज गेट में लात मारकर गाली गलौज करते हुए घर में घुस गया। पारस की 55 वर्षीय मां मुन्नी देवी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि घर में कोई भी पुरुष नहीं है। इसके बाद दरोगा एक कमरे में घुस गया, जहां पारस की भाभी सो रही थीं। इसी बात का विरोध करने पर दरोगा ने महिलाओं के साथ अभद्रता की। मुन्नीदेवी को धक्का मारा। धक्का लगने के कारण उनके हाथ में चोट लग गई। शोर सुनकर गांव वाले भी घर आ गए। ग्रामीणों को देखकर पुलिसकर्मी भाग गए।
वहीं ग्रामीणों ने बताया है कि एक पुलिसकर्मी शराब के नशे में था। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल, कंट्रोल रूम के अलावा पुलिस के उच्चाधिकारियों से की है। सीओ अछनेरा बीएस वीर कुमार ने बताया है कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरें
थोड़ी कहासुनी क्या हुई, पिता को ही चाकू लेकर मारने दौड़ा बेटा
कैसी होती जा रही है दुनिया? बेटी ने 70 साल की बुजुर्ग मां का साथ छोड़ा
कब समझेंगे आप? आगरा के मलपुरा में झोलाछाप डॉक्टर ने छह माह के मासूम की ली जान
नहीं थम रहा कोरोना कहर, आगरा में 44वीं मौत, सिपाही समेत 9 संक्रमित