प्रियंका गांधी के कोरोना से मौत के दावों को आगरा DM ने बताया झूठा, जानें मामला

Smart News Team, Last updated: Tue, 23rd Jun 2020, 11:57 AM IST
  • कोरोना संकट के बीच प्रियंका गांधी ने आगरा में पिछले 48 घंटे में कोरोना से हुई मौतों पर सनसनीखेज दावा कर यूपी सरकार पर निशाना साधा है। मगर आगरा के डीएम ने इन दावों को गलत बताया है।
प्रियंका गांधी के कोरोना से मौत के दावों को आगरा के DM ने बताया झूठा

कोरोना संकट के बीच प्रियंका गांधी ने आगरा में पिछले 48 घंटे में कोरोना से हुई मौतों पर सनसनीखेज दावा कर यूपी सरकार पर निशाना साधा है। सोमवार को प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि आगरा में 48 घंटे में 28 कोरोना वायरस के मरीजों की मौत हो गई है। प्रियंका गांधी ने यह ट्वीट एक खबर के हवाले से किया था। मगर इसके तुरंत बाद ही आगरा के डीएम ने प्रियंका गांधी के दावों को गलत करार दिया है और कहा है कि यह खबर पूरी तरह से असत्य है। आगरा के डीएम ने एक नोटिस जारी कर प्रियंका गांधी से 24 घंटे के भीतर इस झूठ पर स्थिति स्पष्ट करने और खंडन करने को कहा है।

प्रियंका गांधी ने क्या कहा, 'आगरा में 48 घंटे में भर्ती हुए 28 कोरोना मरीजों की मृत्यु हो गई। यूपी सरकार के लिए कितनी शर्म की बात है कि इसी मॉडल का झूठा प्रचार करके सच दबाने की कोशिश की गई. सरकार की नो टेस्ट-नो कोरोना पॉलिसी पर सवाल उठे थे, लेकिन सरकार ने उसका कोई जवाब नहीं दिया। अगर यूपी सरकार सच दबाकर कोरोना मामले में इसी तरह लगातार लापरवाही करती रही तो बहुत घातक होने वाला है।'

इसके बाद आगरा के डीएम ने कहा कि 48 घंटों में 28 कोरोना मरीजों की बात गलत है। आगरा डीएम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, जिसमें कहा गया, 'संलग्न नवभारत टाइम्स द्वारा अब तक हुए कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु के सम्बन्ध में डेथ ऑडिट का हवाला दिया गया है। पिछले 109 दिनों में आगरा में अबतक कुल 1136 केस एवं 79 मृत्यु हुई है। ''पिछले 48 घंटों में भर्ती हुए 28 कोरोना मरीजों की मृत्यु" की खबर असत्य है।'

इसके बाद डीएम ने नोटिस जारी किया..

‘ट्विटर पर उपरोक्त पोस्ट को देखकर प्रथम दृष्टया भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है। जिससे जनमानस में यह संदेश जाता है कि 48 घंटे में 28 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हुई है। इस समय संपूर्ण भारतवासी को भी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लड़ रहे हैं। जो कोरोना वरियर्स, कोरोना फाइटर्स और जन सामान्य पर प्रतिकूल प्रभाव एवं भय का वातावरण उत्पन्न करता है। जबकि सच्चाई यह है कि पिछले 109 दिन में जनपद आगरा में कोविड-19 के अब तक कुल 1139 केस आए हैं 79 लोगों की मृत्यु हुई है। पिछले 48 घंटे में 28 लोगों की मृत्यु की सूचना असत्य एवं निराधार है । अत : जनहित में उठ भ्रामक असत्य खबर को 24 घंटे के अंदर खंडन करना सुनिश्चित करें ताकि इस कोविड संक्रमण के समय में समस्त नागरिक एवं किसी भी पद पर कार्यरत कर्मी को सही स्थिति की जानकारी मिल सके एवं इस महामारी में लगे हुए कर्मियों के मनोबल को ठेस न पहुंचे।’

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें