आगरा में बड़ा हादसा, यमुना में नहाते समय डूबे 2 मौसेरे भाई, दोस्त किसी तरह बचा
- आगरा में दो बच्चों के यमुना में डूबने की खबर है। जवाहर पुल (एत्मादुद्दौला) के नीचे शनिवार शाम को तीन युवक नहाते समय यमुना में डूब गए। एक युवक जैसे-तैसे किनारे पर आ गया।

आगरा में दो बच्चों के यमुना में डूबने की खबर है। जवाहर पुल (एत्मादुद्दौला) के नीचे शनिवार शाम को तीन युवक नहाते समय यमुना में डूब गए। एक युवक जैसे-तैसे किनारे पर आ गया। लेकिन दो युवक गहरे पानी में डूब गए। दोनों युवक मौसेरे भाई हैं। सूचना पर थाना एत्मादुद्दौला और न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों थानों की पुलिस में सीमा विवाद हो गया। देर शाम तक स्थानीय और पीएसी के गोताखोरों ने तलाश की। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
घटना शनिवार शाम की है। चिंटू (22) पुत्र अनिल बघेल निवासी गढ़ी भदौरिया (जगदीशपुरा), मनोज बघेल (23) पुत्र महेंद्र निवासी नुनिहाई (एत्मादुद्दौला) और मोहन (22) पुत्र महाराज सिंह निवासी नगला बेल (बरहन) जवाहर पुल के नीचे बैठे थे। तभी तीनों की यमुना में नहाने की योजना बनी। चिंटू और मनोज मौसेरे भाई हैं। जबकि मोहन उनका दोस्त हैं। नहाते समय तीनों युवक गहरे पानी में उतर गए। चिंटू और मनोज डूबने लगे। लेकिन मोहन जैसे-तैसे किनारे पर आ गया। बाहर आकर उसने शोर मचाया। इसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी।
सूचना पर थाना एत्मादुद्दौला प्रभारी उदयवीर मलिक और थाना न्यू आगरा प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से यमुना में दोनों की तलाश की गई। लेकिन कोई भी सफलता नहीं मिली। सूचना पर तीनों युवकों के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। वहीं जानकारी होने पर विधायक राम प्रताप सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। थाना एत्मादुद्दौला प्रभारी ने बताया कि रविवार सुबह से फिर से तलाश की जाएगी।
अन्य खबरें
कोख के सौदागरों का खुला राज: एक बच्चे की कीमत 8 लाख, ये महिलाएं होती हैं टारगेट
Solar Eclipse 2020 LIVE: हो गया सूर्य ग्रहण शुरू, आगरा का समय, राशियों पर प्रभाव
आगरा न्यूज: शहर में आज से खुल रहे हैं सैलून, मगर जान लें नियम
आगरा: बिना मास्क बाहर निकले या कहीं थूका तो अब खैर नहीं, 1 दिन में कटे 803 चालान