कोख के सौदागर केस: सिलीगुड़ी में अस्मिता की एजेंट नर्स पति सहित गिरफ्तार

Smart News Team, Last updated: Sat, 18th Jul 2020, 10:06 AM IST
  • कोख के सौदागर गैंग में आगरा पुलिस ने सिलीगुड़ी में कार्रवाई की है। शुक्रवार को वहां गैंग से जुड़े पति-पत्नी को पकड़ा गया।
प्रतीकात्मक तस्वीर

कोख के सौदागर गैंग का पर्दाफाश करने के करीब आगरा पुलिस पहुंचती जा रही है। कोख के सौदागर गैंग में आगरा पुलिस ने सिलीगुड़ी में कार्रवाई की है। शुक्रवार को वहां गैंग से जुड़े पति-पत्नी को पकड़ा गया। गिरफ्तार कल्पना और उसके पति सूरज नारायण को आगरा पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर आगरा लेकर आएगी। यहां पूछताछ की जाएगी। जरूरी हुआ तो रिमांड पर लिया जाएगा।

कोख के सौदागर गैंग का जल्द होगा पर्दाफाश? राहुल को रिमांड पर लेकर नोएडा गई पुलिस

दरअसल, 19 जून को लखनऊ एक्सप्रेस वे पर फरीदाबाद की नीलम और रूबी सहित पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। उनके पास से तीन नवजात कन्या बरामद हुई थीं। तीनों को सरोगेट मदर ने जन्म दिया था। नीलम से पूछताछ में दिल्ली निवासी आनंद राहुल सारस्वत का नाम सामने आया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसे कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उसे लेकर सिलीगुड़ी गई है। 19 जून को इस कार्रवाई से पहले 12 जून को राहुल सिलीगुड़ी गया था। वह अपने साथ दो नवजात बालकों को लेकर गया था। उसने दोनों बच्चे वहां कल्पना और सूरज नारायण के सुपुर्द किए थे। कल्पना नर्स है। पहले से अस्मिता को जानती है। उसके लिए सिलीगुड़ी में सरोगेसी के लिए काम करती है। बच्चों को अपनी सुपुर्दगी में लेकर उन लोगों के सुपुर्द करती है, जिन्होंने उनके लिए भुगतान किया होता है।

एसपी देहात प्रमोद कुमार ने बताया कि कल्पना का स्वास्थ्य अब ठीक नहीं रहता है। इस कारण उसने नर्स का काम छोड़ दिया है। उसका पति अपने गांव का नेता है। दोनों को पुलिस ने पकड़ लिया है। सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश करेगी। वहां से ट्रांजिट रिमांड पर दोनों को लेकर आगरा आएगी। पूछताछ में कल्पना ने बताया कि उसने तो सिर्फ कैरियर का काम किया है। अस्मिता का फोन आया। बताया कि राहुल नाम का लड़का उसे फोन करेगा। उसके पास दो बच्चे है। दोनों बच्चों को ले लेना। नेपाल से दंपति आ रहे हैं। वे भी उसे फोन करेंगे। बच्चे उनके सुपुर्द कर देना। उसने ऐसा ही किया। उसे नहीं पता था कि इसमें कानूनी पेंच फंस जाएगा। 

आगरा: कोख के सौदागरों पर कसने लगा शिकंजा, सरगना नीलम के कैरियर को पुलिस ने दबोचा

पुलिस ने बताया कि नेपाल से आने वालों को कल्पना नहीं जानती है। उसे यह भी नहीं पता कि वे नेपाल में कहां रहते हैं। उसके पास से अस्मिता का नंबर और मैसेज मिले हैं। कल्पना और उसके पति का मोबाइल कब्जे में लिया गया है। उनकी जांच में भी कुछ सुराग मिलेगा। पुलिस को अब इस मामले में अस्मिता और उसके पति डॉक्टर विष्णुकांत की तलाश है। हो सकता है कि उनकी तलाश के लिए पुलिस की एक टीम को कर्नाटक जाना पड़े। दोनों के वहां होने के सुराग मिल रहे हैं।

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें