कहीं पति के TV देखने से लफड़ा तो कहीं खाने पर मारपीट, बढ़ गई महिला थाने में भीड़
- कोरोना लॉकडाउन में घरेलू झगड़े बढ़ने की संभावनाएं व्यक्त की गईं थीं, जिसकी झलक अब दिखने लगी है। आगरा में अनलॉक होने पर महिला थाने में भीड़ बढ़ने लगी है। पिछले दो दिनों में 32 महिलाओं ने शिकायत की है।
_1591107499140_1591107511158.jpg)
कोरोना लॉकडाउन में घरेलू झगड़े बढ़ने की संभावनाएं व्यक्त की गईं थीं, जिसकी झलक अब दिखने लगी है। आगरा में अनलॉक होने पर महिला थाने में भीड़ बढ़ने लगी है। पिछले दो दिनों में 32 महिलाओं ने शिकायत की है। लॉकडाउन से ये महिलाएं इंतजार कर रही थीं कि कब थाना खुलें और वो अपनी पीड़ा पुलिस को बताएं। अब इन दो दिनों के मामलों को देखा जाए तो अपराध का ग्राफ तो गिरा है, लेकिन पति-पत्नी के बीच विवादों के मामले बढ़ गए हैं। पति और पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा है। शहर के थानों में ऐसे कई मामले पहुंच रहे हैं। हालांकि पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने से पहले पति और पत्नी की काउंसिलिंग कर मामले को खत्म करने का प्रयास कर रही है।
दो दिन में 32 मामले सामने आए हैं। इनमें से तीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई, जबकि छह मामलों में काउंसिलिंग कर मामला निपटा दिया गया। एसओ महिला थाना ने बताया कि पुलिस के पास जो मामले आ रहे हैं, उनमें देखा जा रहा है कि पति पत्नी के बीच विवाद के पीछे कोई बड़ा कारण तो नहीं है। पुलिस का मानना है कि लॉकडाउन के बाद ज्यादातर व्यक्ति वर्क फ्रॉम होम (अपने घर से काम) कर रहे थे। घर में रहने पर पत्नी अपने पति से काम में हाथ बंटाने की उम्मीद कर रही हैं। इसी कारण पति और पत्नी के बीच विवाद बढ़ रहा है। अब तक वीडियो कॉलिंग के माध्यम से मामलों को निपटाया जा रहा था, लेकिन अब सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए काउंसलिंग शुरू की जाएगी।
केस- 1
पति के ज्यादा टीवी देखने भर से विवाद
ताजगंज में रहने वाली एक महिला लालपुर थाने पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। विवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने गाली-गलौज की। पुलिस ने पति को थाने में बुलाया और उससे पूछताछ की तो पता चला कि पति कुछ दिनों से लगातार टीवी देख रहा था। पत्नी ने टीवी देखने से मना किया और घर का काम करने के लिए कहा तो विवाद हो गया।
केस- 2
खाने को लेकर हो गई मारपीट
दोनों पति-पत्नी शिक्षक हैं। दोनों ही घर पर हैं। पत्नी का कहना है कि खाना बनाकर रख दिया जाता है। पति मोबाइल में विजी रहता है। दो दिनों से खाना खराब हो रहा था। पति ने खाना मांगा। तो पत्नी ने बासी खाना परोस दिया। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि महिला को थाने आना पड़ा
सोशल डिस्टेंसिंग के तहत होगी काउंसलिंग
महिला थाना एसओ अलका सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनलॉक होने के बाद पीड़िताओं की संख्या तो बढ़ रही है। अब तक फोन पर शिकायतें दर्ज हो रहीं थीं। कुछ पीड़िताएं सीधे आ रहीं हैं। तो कुछ पीड़िताएं अन्य थानों से भी भेजी जा रहीं हैं। अब तक ज्यादा गंभीर केसों में वीडियो कॉलिंग के माध्यम से काउंसलिंग हो रही थी। लेकिन अब सोशल डिस्टेंसिंग के तहत काउंसलिंग की शुरूआत जल्द करायी जा रही है।
किस थाना में कितने मामले
सदर थाना - 3
ताजगंज - 2
जगदीशपुरा - 5
शाहगंज - 4
लोहामंडी - 3
कोतवाली थाना- 6
मंटोला - 1
महिला थाने में - 32 मामले
अन्य खबरें
चमत्कार: आस खो चुके मां-बाप की वापस लौटी ‘सांस’, ढाई साल पहले अगवा हुआ बेटा मिला
ऐसे कैसे खत्म होगा कोरोना? राशन लेने के लिए उड़ीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
आगरा: विश्वविद्यालय में काउंटर पर लगी भीड़, इंतजाम हुए ढेर
अनोखी पहल: अब बिना बटन दबाए चलेगी कोविड-19 अस्पताल की लिफ्ट