कोरोना काल में खून-खराबे से थर्राया जोन, 27 दिन में 39 हत्याएं,आगरा में 13 मर्डर

Smart News Team, Last updated: Sun, 28th Jun 2020, 7:12 AM IST
  • कोरोना अनलॉक वन में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। आगरा जोन में पिछले 27 दिन में हत्या की 39 वारदातें हो चुकी हैं।
Murder

कोरोना अनलॉक वन में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। आगरा जोन में पिछले 27 दिन में हत्या की 39 वारदातें हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा घटनाएं आगरा में हुई हैं। आगरा में हत्या की अभी तक 13 वारदातें हो चुकी हैं। मलपुरा में हुआ हत्याकांड तो बिल्कुल फिल्मी था। बीडीसी के पति को गोलियों से छलनी कर दिया गया। एक-दो नहीं सात गोलियां मारी गईं। शनिवार को भी आगरा के सदर क्षेत्र में एक किशोर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई।

कोरोना वायरस के चलते लॉक डाउन हुआ तो लोग घरों में कैद हो गए। सड़कों पर सिर्फ पुलिस नजर आती थी। पुलिस ने भी सख्ती से काम किया। नतीजा यह हुआ कि 22 मार्च से 1 जून के बीच अपराध का ग्राफ बहुत तेजी से गिरा। पिछले सालों की तुलना में हत्या, लूट, चोरी, अपहरण, डकैती, वाहन चोरी, नकबजनी, दुराचार की चंद घटनाएं ही हुईं। जैसे ही अनलॉक हुआ सड़क पर भीड़ आ गई। पुलिस व्यवस्था एक बार फिर लड़खड़ा गई। एक जून से 27 जून के बीच 27 दिनों में आगरा जोन में 39 हत्याएं हो चुकी हैं।

आगरा जोन में आठ जिले आते हैं। आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज। पूरे जोन में सबसे शांतिप्रिय जिला हाथरस को कहा जा सकता है। यहां अनलॉक में हत्या की एक भी वारदात नहीं हुई है। अन्य अपराध भी दूसरे जिलों की तुलना में कम हैं। आगरा के बाद हत्याओं में फिरोजाबाद दूसरे नंबर पर हैं। यहां आठ घटनाएं हुई हैं। वहीं मथुरा और अलीगढ़ में छह-छह वारदातें हुई हैं। हाल ही में मथुरा में दोहरा हत्याकांड हुआ था। बढ़ती घटनाओं को एडीजी जोन अजय आनंद ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश में जो हत्याएं होती हैं पुलिस की सख्ती से उन पर अंकुश लगा सकता है। जहां पति अपनी पत्नी और पत्नी अपने पति की हत्या करा रही है वहां पुलिस कुछ नहीं कर सकती। पुलिस को ऐसे मामलों में घटना के बाद पता चलता है कि किसके घर में क्या चल रहा था। रंजिश में हुई हत्या की सभी घटनाओं की वे समीक्षा करा रहे हैं। थाना स्तर पर पुलिस की कोई लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी।

एक जून से 27 जून तक की घटनाएं

जिला-हत्या की संख्या

आगरा 13

मथुरा 06

मैनपुरी 03

फिरोजाबाद 08

अलीगढ़ 06

हाथरस 00

एटा 02

कासगंज 01

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें