पति लॉकडाउन में फंसा तो प्रेमी ने मार दिया ‘मौके पर चौका’, पत्नी को ले उड़ा
- कोरोना लॉकडाउन की वजह से बड़ी संख्या में लोग जहां-तहां फंसे हुए हैं। इस बीच आगरा से ऐसी खबर आई है कि लॉकडाउन में एक शख्स के फंसने का फायदा उठाकर एक प्रेमी उसकी पत्नी को ही लेकर नौ दो ग्यारह हो गया।

कोरोना लॉकडाउन की वजह से बड़ी संख्या में लोग जहां-तहां फंसे हुए हैं। इस बीच आगरा से ऐसी खबर आई है कि लॉकडाउन में एक शख्स के फंसने का फायदा उठाकर एक प्रेमी उसकी पत्नी को ही लेकर नौ दो ग्यारह हो गया। दरअसल, आगरा में एक शख्स लॉकडाउन में फंस गया। वह बस लेकर गया था। वापस लौटकर आया तो घर में ताला लगा मिला। जब पता लगाया तो मालूम हुआ कि उसकी पत्नी इस बीच अपने प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई है। इतना ही नहीं, पत्नी जाने से पहले घर में रखे जेवरात और अन्य सामान भी ले गई। इसके बाद पीड़ित पति ने सदर थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। एक युवक पर शक जाहिर किया है।
अकेले रहती थी पत्नी, पति है चालक
मामले के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र निवासी युवक दिल्ली में एक ट्रेवल एजेंसी में चालक है। यहां पर उसकी पत्नी अकेली रहती थी। इसी दौरान इलाके के एक युवक ने प्यार का नाटक करके उसे अपने झांसे में ले लिया। पति के अनुसार दोनों को पंचायत के माध्यम से समझाने का प्रयास किया गया। पत्नी लॉकडाउन से पहले उससे झगड़ा करके अपने मायके चली गयी। उसे लगा कि कुछ दिन बाद लौट आएगी तो सब ठीक हो जाएगा। इस बीच उसे भी लॉकडाउन से पहले पर्यटकों को टूर पर लेकर हिमाचल प्रदेश जाना पड़ा। इसके दो दिन बाद ही कोरोना वायरस को लेकर देश भर में लॉकडाउन हो गया। इससे पति वहीं पर फंसा रह गया। इस दौरान पत्नी से फोन पर कई बार बात करने का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
घर लौटा तो मिला ताला, घर भी नहीं लौटी पत्नी
एक सप्ताह पहले वह घर लौटा तो ताला लगा मिला। उसे लगा कि पत्नी अभी तक मायके से नहीं लौटी है। वह अपनी ससुराल गया, वहां जानकारी की तो पता चला कि पत्नी दस दिन पहले ही घर जाने की कहकर मायके से चली आयी थी। पति ने घर लौटकर ताला तोड़ा। उसे अलमारी में रखे 75 हजार रुपये, जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब मिला। उसने आसपास के लोगों से जानकारी की तो पता चला कि उसका प्रेमी भी तभी से गायब है।
युवक दो साल से पीछे पड़ा था
पति ने पत्नी की बरामदगी के लिए पुलिस में तहरीर दी है। पति ने पुलिस को बताया कि युवक दो साल से उसकी पत्नी के पीछे पड़ा था। मामले में पुलिस का कहना है कि महिला को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
अन्य खबरें
ताजनगरी वाले होशियार, मगर भरतपुर में ढील के बाद फूटा कोरोना बम
कोरोना के कहर से राहत नहीं, आगरा के 41 कंटेनमेंट जोन में रहेगी सख्ती
ट्रेनी पुलिसकर्मी ने फल खरीदा, फिर निकला कोरोना पॉजिटिव, महकमे में मचा हड़कंप
विश्व तंबाकू निषेध दिवस: तंबाकू से 40 तरह के कैंसर, 25 दूसरी बीमारियों का खतरा