कानपुर कांड: विकास दूबे के पोस्टर अब आगरा में भी, चप्पे-चप्पे पर है पुलिस की नजर
- ढाई लाख रुपये के इनामी कानपुर कांड के मुख्य आरोपित कुख्यात विकास दुबे के पोस्टर आगरा में भी विभिन्न थानों में चस्पा किए गए हैं।

कानपुर पुलिस हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुख्यात विकास दुबे फरार है। ढाई लाख रुपये के इनामी कानपुर कांड के मुख्य आरोपित कुख्यात विकास दुबे के पोस्टर आगरा में भी विभिन्न थानों में चस्पा किए गए हैं। उसकी आखिरी लोकेशन औरेया मिली थी। उसके बाद से वह भूमिगत है। आगरा पुलिस ने भी अपने खबरी सक्रिय कर दिए हैं। एडीजी अजय आनंद ने जोन के सभी पुलिस अधिकारियों को उसके मूवमेंट पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, कानपुर में हिस्ट्रीशीटर माफिया विकास दुबे से मुठभेड़ में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। इनमें फतेहाबाद के पोखर पांडे गांव के रहने वाले सिपाही बबलू कुमार भी थे। पुलिस से मुठभेड़ के बाद विकास दुबे फरार है। एसटीएफ और पूरे प्रदेश की पुलिस उसकी तलाश में लगी है। उसके पोस्टर लगवाने की कवायद शुरू हुई है। राजस्थान और मप्र की सीमा पर चंबल के बीहड़ से जुड़े थाना क्षेत्रों में पुलिस गांवों में भी ये पोस्टर लगवा रही है।

एडीजी ने कहा कि शासन के निर्देश पर जोन के सभी जिलों में पुलिस को सतर्क किया गया है। सभी थानों में पोस्टर लगवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रमुख बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और नेशनल हाईवे के सभी टोल प्लाजा पर भी पोस्टर चस्पा कराए गए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि अगर इनामी विकास दुबे कहीं दिखता है तो तत्काल यूपी 112 या अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष, सीओ या अन्य अधिकारी को इसकी सूचना दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
अन्य खबरें
कोरोना पर गलत जानकारी देने वालों की खैर नहीं, महामारी एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
कोरोना: दिल्ली ने खड़े किए हाथ तो आगरा ने थामा, वेंटिलेटर पर आए मरीज हो रहे ठीक
कोरोना पॉजिटिव निकली आशा वर्कर, संक्रमण के खतरे मेें आईं कई गर्भवती महिलाएं
आगरा: गृहक्लेश से तंग युवक ने लगाई फांसी, जज के बेटे ने किया सुसाइड