Uttarakhand Assembly Election 2022: कांग्रेस से निष्कासित किशोर उपाध्याय BJP में शामिल

Shubham Bajpai, Last updated: Thu, 27th Jan 2022, 11:33 AM IST
उत्तराखंड कांग्रेस से निष्कासित पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भाजपा में शामिल हो गए. इससे पहले उपाध्याय उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बनी कांग्रेस समन्वय समिति के प्रमुख की भूमिका निभा रहे थे और वह राज्य कांग्रेस कोर कमेटी तथा उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य थे.
किशोर उपाध्याय (फाइल फोटो) 

देहरादून (भाषा).उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 से पहले प्रदेश का सियासी पारा बढ़ा हुआ है. कुछ दिन पहले कांग्रेस से निष्कासित पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है.कुछ ही समय पहले कांग्रेस ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था.

भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उपाध्याय ने यहां पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.

ऑनलाइन क्लास देने के नाम पर ठगी का शिकार बना रहे हैं साइबर ठग, ऐसे रहे सावधान

भाजपा ने अभी तक टिहरी विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है और अटकलें लगाई जा रही हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी उपाध्याय को टिहरी से चुनावी समर में उतार सकती है.

इससे पहले कांग्रेस के उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि उत्तराखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बृहस्पतिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है.

हाल ही में उपाध्याय को कांग्रेस के सभी पदों से हटा दिया गया था.

उपाध्याय कुछ सप्ताह पहले तक उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बनी कांग्रेस समन्वय समिति के प्रमुख की भूमिका निभा रहे थे और वह राज्य कांग्रेस कोर कमेटी तथा उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य थे.

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए राज्य की सभी 70 सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होगा. मतगणना 10 मार्च को होगी.

अन्य खबरें