प्रियंका के टिकट में महिला आरक्षण पर रीता बहुगुणा- कांग्रेस को 18 साल दिए, फिर भी...

Ankul Kaushik, Last updated: Tue, 19th Oct 2021, 9:54 PM IST
  • बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के यूपी चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट दिए जाने के फैसले पर निशाना साधा है. बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा मैंने कांग्रेस को जीवन के 18 साल दिए लेकिन मुझे भी अपमानित किया गया.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी

लखनऊ. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट दिए जाने के फैसले पर बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. जिन महिलाओं ने कांग्रेस के लिए काम किया उन्हें ये रोक नहीं पाए. सुष्मिता देव ने कांग्रेस क्यों छोड़ी, प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस क्यों छोड़ी और मुझे भी अपमानित किया. मुझ जैसी जिन महिलाओं ने ईमानदारी से कांग्रेस पार्टी की सेवा की, उनको वहां अपमान और तिरस्कार मिला. हाल ही में जगह-जगह चुनाव हुए, कितनी महिलाओं को इन लोगों ने टिकट दिया है. जो अब 40 फीसदी की बात कर रहे हैं वह 10 से 12 प्रतिशत से ज्यादा टिकट कभी नहीं दे पाए हैं. जिन महिलाओं ने पार्टी के लिए बहुत योगदान दिया, उन्हें भी तो कांग्रेस रोक नहीं पाई है.

इसके साथ ही बीजेपी सांसद ने कहा मैंने कांग्रेस को जीवन के 18 साल दिए लेकिन मुझे भी अपमानित किया गया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ बीजेपी शासित राज्यों में ही महिला अत्याचार नजर आता है. जीत वाली सीट पर यह महिलाओं को टिकट नहीं देते और अगर ऐसा नहीं है तो यह अमेठी और रायबरेली में टिकट देकर दिखाए. महिलाओं को सर्वाधिक सम्मान भाजपा ने दिया है, सुषमा स्वराज के समय पार्टी में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण हो गया था और केंद्र में सर्वाधिक महिला मंत्री मोदी मंत्रिमंडल में बनीं.

कांग्रेस में 33% से ज्यादा महिला आरक्षण, यूपी चुनाव में 40% टिकट औरतों को देंगी प्रियंका गांधी

बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी चुनाव में कांग्रेस पार्टी 40% टिकट महिलाओं को देगी. प्रियंका गांधी ने कहा हमारी नीति और नीयत स्पष्ट है, महिला शक्ति को उत्तर प्रदेश चुनावों में 40% टिकट देंगे. महिला शक्ति को अधिकार दिलाकर सशक्त बनायेंगे. प्रियंका ने कहा यह निर्णय महिलाओं को एकजूट करने के लिए लिया गया है. यह निर्णय उत्तर प्रदेश की हर एक महिला के लिए है जो बदलाव और न्याय चाहती है. अगर आप बदलाव चाहती हैं तो इंतजार मत करिए.

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें