पटना: 14 दिनों का क्वारंटाइन पूरा कर 14 लाख प्रवासी गए अपने घर, अब 1.22 लाख बचे

Smart News Team, Last updated: Tue, 9th Jun 2020, 6:33 PM IST
  • अब तक के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में प्रखंड क्वारंटाइन सेंटर से 14 दिनों की अवधि पूरा कर 14 लाख लोग अपने घर चले गए हैं। फिलहाल, बिहार में इन ब्लॉक लेवल क्वारंटाइन सेंटरों पर 1.22 लाख लोग रह रहे हैं। यह जानकारी पीआरडी सचिव अनुपम कुमार ने दी।
घर जाते प्रवासी मजदूर (फोटो-पीटीआई इंस्टाग्राम अकाउंट से)

कोरोना वायरस संकट और लॉकडाउन के बीच बिहार में प्रवासियों की खूब घर वापसी हुई। बीते दिनों बिहार सरकार ने इन सभी प्रवासी बिहारियों को प्रखंड क्वारंटाइन किया। अब धीरे-धीरे इन प्रवासियों का क्वारंटाइन अवधि पूरा होता जा रहा है और वे घर भेजे जा रहे हैं। अब तक के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में प्रखंड क्वारंटाइन सेंटर से 14 दिनों की अवधि पूरा कर 14 लाख लोग अपने घर चले गए हैं। फिलहाल, बिहार में इन ब्लॉक लेवल क्वारंटाइन सेंटरों पर 1.22 लाख लोग रह रहे हैं। यह जानकारी पीआरडी सचिव अनुपम कुमार ने दी।

स्वास्थ विभाग के सचिव लोकेश कुमार ने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमित दो और व्यक्तियों की मौत हुई है। इनमें एक सारण जिले के दूसरे औरंगाबाद जिले के हैं। इस तरह राज्य में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 33 हो गई है। बता दें कि बीते महीने ही बिहार सरकार ने प्रवासियों को प्रखंड क्वारंटाइन करने का फैसला लिया था।

सरकार के इस फैसले के बाद रेड जोन यानी दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और गाजियाबाद समेत शहरों से बिहार आने वाले लोगों को प्रखंड क्वारंटाइन किया जाने लगा। इससे पहले पंचायतों, स्कूलों या किसी अन्य सार्वजनिक स्थलों पर क्वारंटाइन करने की व्यवस्था थी। मगर बीते दिनों सरकार ने प्रखंड क्वारंटाइन अनिवार्य कर दिया।

आज बिहार में कोरोना के अपडेट

आज बिहार में 117 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5364 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार में 1, भागलपुर में 14, नवादा में 16, सारण में 5, वैशाली में 4, दरभंगा में 5, नालन्दा में 6, मुंगेर में 3, खगड़िया में 1, सुपौल में 4, पटना में 1, औरंगाबाद में 3, बेगूसराय में 8, मधेपुरा में 15, शेखपुरा में 2, समस्तीपुर में 1, लखीसराय में 1, सहरसा में 8, कैमूर में 11, बक्सर में 4 और जहानाबाद में 4 संक्रमितों की पहचान की गई। अबतक 21 जिलों में 117 नए संक्रमित मिले हैं।

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें