PM मोदी सम्राट अशोक पर टिप्पणी करने वाले दया प्रकाश से पद्मश्री वापस लें- ललन सिंह

Swati Gautam, Last updated: Wed, 12th Jan 2022, 6:15 PM IST
  • भाजपा समर्थित नाटककार पद्मश्री दया प्रकाश सिन्हा के सम्राट अशोक की तुलना औरंगजेब से किए जाने पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने नाराजगी जताते हुए उनके पद्मश्री अवार्ड वापस लिए जाने की मांग राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की है. राज मंत्री सम्राट चौधरी ने भी कहा कि एक चक्रवर्ती सम्राट की तुलना मुगलकालीन सम्राट औरंगजेब से करना मनगढ़ंत असत्य एवं काल्पनिक है.
PM मोदी सम्राट अशोक पर टिप्पणी करने वाले दया प्रकाश से पद्मश्री वापस लें- ललन सिंह (फाइल फोटो)

पटना. भाजपा समर्थित नाटककार पद्मश्री दया प्रकाश सिन्हा के सम्राट अशोक की तुलना औरंगजेब से किए जाने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. विरोधी दल लगातार दया प्रकाश सिन्हा को घेरे में ले रहे हैं और उन पर करवाई की मांग कर रहे हैं. जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने भी पद्मश्री दया प्रकाश सिन्हा की टिपण्णी पर नाराजगी जताते हुए उनके पद्मश्री अवार्ड वापस लिए जाने की मांग राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की है. ललन सिंह ने कहा है कि सम्राट अशोक मौर्य बृहत व अखंड भारत के निर्माता थे. उनके बारे में अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल असहनीय और अक्षम्य है. ऐसा करने वाला विकृत विचारधारा से प्रेरित है.

मीडिया से बातचीत करते हुए ललन सिंह ने कहा कि ऐसे व्यक्ति किसी सम्मान के लायक नहीं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस प्रकरण में सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि ऐसे बयान देने वाले व्यक्ति के मिले पद्मश्री और अन्य पुरस्कार रद्द की जाए. इससे पहले जदयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी दया सिन्हा के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी. विरोधी दल तो पद्मश्री दया प्रकाश सिन्हा को घेरे में ले ही रहे हैं वहीं भाजपा की सहयोगी दल भी इस मुद्दे पर दया प्रकाश को निशाने पर ले रहें हैं और पद्मश्री सम्मान वापस लेने की मांग कर रहे हैं.

नीतीश सरकार को सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार, शराबबंदी ने अदालतों का दम घोंट रखा है

राज मंत्री सम्राट चौधरी ने भी जताई आपत्ति

वहीं, पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने भी लेखक दया प्रसाद सिन्हा के लेख के शीर्षक औरंगजेब जैसा ही था सम्राट अशोक का खंडन करते हुए कहा है कि एक चक्रवर्ती सम्राट की तुलना मुगलकालीन सम्राट औरंगजेब से करना मनगढ़ंत असत्य एवं काल्पनिक है. उन्होंने आगे कहा कि चक्रवर्ती सम्राट अशोक के संबंध में किसी भी इतिहासकारों ने कभी ऐसी टिप्पणी नहीं किया है. सम्राट अशोक के स्वर्णिम शासन के कारण ही श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने सम्राट अशोक के नाम पर डाक टिकट जारी किया और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान के समीप अशोक कन्वेंशन हॉल बनाया है.

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें