बिहार बजट 2020 : सुधरेगी पटना की सेहत, बढ़ेगी रफ्तार
चार महीने बाद देश के किसी भी कोने से बसें पटना आएंगी और जाएंगी, क्योंकि जुलाई में अंतरराज्यीय बस अड्डा बनकर तैयार हो जाएगा। अगले साल तक मेट्रो के लिए भी कई टनल बनकर तैयार हो जाएंगी। बुद्ध मार्ग से मीठापुर जाने वालों को जाम में नहीं फंसना होगा, क्योंकि मीठापुर फ्लाईओवर को चिड़ैयाटाड़ से जोड़ा जाएगा। वहीं दूसरी तरफ, अब पीएमसीएच और आईजीएमएस में हर मरीज को बेड मिलेगा। आने वाले समय में दोनों अस्पतालों में हजारों की संख्या में बेड बढ़ाए जा रहे हैं। पटना को ऐसी कई सौगातें बिहार बजट में मिली हैं।
कुछ इस तरह बदलेगी पटना की सूरत
- आईजीआईएमएस में 138 करोड़ से 100 बेड का अत्याधुनिक स्टेट कैंसर संस्थान का निर्माण अप्रैल 2020 तक पूरा कर लिया जाएगा।
- शहर में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का निर्माण जुलाई 2020 तक पूरा होगा, 302 करोड़ रुपए होंगे खर्च।
- पीपीपी मोड में केंद्र सरकार द्वारा हस्तांतरित होटल पाटलिपुत्रा अशोका के स्थान पर नया होटल बनाया जाएगा।
- बांकीपुर बस स्टैंड और परिवहन विभाग के दफ्तर सुल्तान पैलेस की जगह आधुनिक होटल बनेंगे।
- नमामि गंगे पर 6145 करोड़, अमृत मिशन पर 2657 करोड़ एशियन डेवलपमेंट बैंक पर 1122 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
- पटना सिटी में सिख गुरु साहिबानों से संबंधित बन रहे प्रकाशपुंज के लिए 54.16 करोड़ खर्च होंगे।
- पटना मेट्रो के लिए 50 करोड़ के बजट में प्रावधान।
- गुरु गोविंद सिंह अस्पताल सहित राज्य के सभी जिला अस्पतालों का उन्नयन किया जाएगा।
- देश में पहली बार ग्रीन बजट पेश किया जा रहा है। इसके लिए 24 हजार 500 करोड़ रुपए तय हुए हैं।
- कृषि इंजीनियरिंग, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, जैव प्रोद्योगिकी, फूड टेक्नोलोजी और सामाजिक विज्ञान के नये कॉलेज खुलेंगे ।
- 31 मार्च तक पहुंच जाएगा हर घर में नल का जल।
- राज्य में सड़क निर्माण के लिए 17 हजार 345 करोड़ और स्वास्थ्य के लिए 10 हजार 937 करोड़ रुपए का बजट मिला।
- पटना सहित चार शहर 625 करोड़ रुपए से होंगे स्मार्ट।
अब हर मरीज को मिलेगा बेड
पीएमसीएच को विश्व का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने का काम दो महीने में शुरू हो जाएगा। वहीं आईजीआईएमएस में 1,032 बेड की जगह अब 2,732 बेड होंगे। 500 बेड के निर्माणाधीन अस्पताल के अतिरिक्त 513.21 करोड़ रुपए की लागत से 1,200 बेड का नया अस्पताल तैयार किया जाएगा।
अन्य खबरें
मौसम ने ली करवट: बारिश ने कहा जाड़े से-‘अभी ना जाओ छोड़ कर’
ऐच्छिक विषयों के साथ बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा समाप्त हुई
जंग जीतने जैसा हुआ जन्म का प्रमाण पाना
अंचलों में गेट कीपर बनकर रह गया है निगम का टास्क फोर्स