कोरोना से जंग: चीन में संक्रमण के लौटने का डर, अमेरिका में महामारी का प्रकोप

Malay, Last updated: Fri, 10th Apr 2020, 10:56 AM IST
चीन में कोरोना वायरस संक्रमण को पांव पसारे 100 दिन बीत चुके हैं। इन 100 दिनों में यह दुनियाभर के 192 देशों में फैल चुका है। इस वायरस से अब तक 15 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं और 90 हजार से अधिक लोगों...
Corona virus, lockdown, corona virus and lockdown, what is lockdown, lockdown news

चीन में कोरोना वायरस संक्रमण को पांव पसारे 100 दिन बीत चुके हैं। इन 100 दिनों में यह दुनियाभर के 192 देशों में फैल चुका है। इस वायरस से अब तक 15 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं और 90 हजार से अधिक लोगों की जान गई है। 

गुरुवार को चीन में कोरोना वायरस के 63 नए मामलों की पुष्टि हुई जिनमें से 61 मामलों दूसरे देशों से चीन में आए लोगों के हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमण के फिर से फैलने की आशंका बढ़ गई है। महामारी का केंद्र रहे वुहान में 76 दिन बाद बुधवार को लॉकडाउन हटा दिया गया। हालांकि, ग्वांगडोंग प्रांत में दो नए घरेलू मामले दर्ज किए गए हैं। चीन में अब तक 3,335 की मौत हुई हैं और  81,865 मामले सामने आए हैं। वहां 77,279 लोग इलाज के बाद ठीक होकर घर लौट  गए हैं।

अमेरिका में संक्रमितों की तादाद सबसे ज्यादा है। यहां संक्रमितों की संख्या 4.54 लाख से अधिक  है और 16,074 लोग जान गंवा चुके हैं। अकेले न्यूयॉर्क में 1.60 लाख से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है और 7,067लोगों की मौत हो चुकी है। यूरोप में 64 हजार से अधिक मौतें हो चुकी हैं। इटली में सबसे ज्यादा मौत हुई हैं जहां 17,669 लोगों ने दम तोड़ा है, जबकि वहां संक्रमण के 139,422 मामले सामने आए हैं। 

स्पेन में पिछले 24 घंटों में 6278 नए मामले 
एक दिन में सबसे अधिक संक्रमण के मामले स्पेन में 6,278 आने के साथ ही यह संख्या 148,220 से अधिक हो गई है। 747 नई मौतें होने के साथ ही मरने वालों का आंकड़ा 14,792 पहुंच गया है। वहीं, फ्रांस में महामारी के चलते पिछले 24 घंटों में 541 लोगों की मौत  के साथ मृतकों का आंकड़ा 10,869 पहुंच गया। देश में अब तक 1,12,950 लोग इस विषाणु का शिकार हुए हैं। इसके बाद ब्रिटेन में 7,097 लोगों ने संक्रमण से दम तोड़ा है और पुष्ट मामलों की संख्या 60,733 है।  वहीं, जर्मनी में संक्रमितों की संख्या एक लाख तेरह हजार तक पहुंच गई है और अब तक 2349 लोगों की मौत हो चुकी है।

पाकिस्तान में 4,457 लोग संक्रमित
ईरान में गुरुवार को 117 लोगों की मौत के साथ देश में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 4110 हो गई है। 66,220 लोग संक्रमित हैं। दक्षिण कोरिया में मृतकों की संख्या 204 है और 10,442 लोग संक्रमित हैं।  पाकिस्तान में 4,457 संक्रमित हैं और63 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा बेल्जियम 2,523, नीदरलैंड में 2,248, स्विट्जरलैंड में 909, स्वीडन में 687 और रूस में 76 लोगों की मौत हो चुकी है। 

सोमालिया में पहली मौत 
अफ्रीकी देश सोमालिया में कोरोना से बुधवार को पहली मौत का मामला सामने आया। इस वायरस से संक्रमित 52 वर्षीय सोमाली व्यक्ति की मौत हो गई।  

न्यूयॉर्क में संक्रमण यूरोप से आया
एक अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट में कहा गया है कि न्यूयॉर्क में संक्रमण एशिया से नहीं, बल्कि यूरोप से आए यात्री लेकर आए। न्यूयॉर्क में कोरोना का पहला मामला एक मार्च को सामने आया, लेकिन यह राज्य में फरवरी मध्य से ही फैलना शुरू हो गया था। 

हाथ नहीं मिलाने चाहिए 
अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. एंथनी फॉसी ने कहा कि लोगों को अब एक-दूसरे से हाथ मिलाने की आदत बदल लेनी चाहिए। उन्होंने चेताते हुए कहा कि ऐसा करके कोरोना वायरस समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोका जा सकता है।  वहीं, ट्रंप ने कहा कि महामारी को रोकने के लिए अपनाई गई आक्रामक रणनीति काम कर रही है और नए मामलों की संख्या में स्थिरता आई है। 

ईरान को चिकित्सा आपूर्ति में आपत्ति नहीं : ट्रंप 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उद्योग और अमेरिकी डॉक्टर एवं वैज्ञानिक मदद के लिए आगे आए हैं। देश में वायरस की 10 दवाइयों का क्लीनिकल परीक्षण चल रहा है। यह तेजी से फैल रहे संक्रमण के चिकित्सकीय समाधान तलाश करने के प्रशासन के अभूतपूर्व प्रयासों के तहत किया जा रहा है। वहीं, उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि अमेरिका मलेरिया रोधी दवा हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन पर अलग से चार क्लीनिकल परीक्षण कर रहा है। ट्रंप ने कहा, अमेरिका को यूरोपीय देशों द्वारा ईरान को चिकित्सा आपूर्तियां भेजने में कोई आपत्ति नहीं है। इस बीच फ्रांस में एक और अस्पताल ने कोरोना वायरस के रोगियों पर हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन दवा का प्रायोगिक उपचार रोक दिया है।

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें