कोरोना से निपटने को कार्यबल का गठन

Malay, Last updated: Tue, 4th Feb 2020, 11:17 AM IST
भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के तीसरे मामले की पुष्टि हुई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हाल ही में चीन से केरल लौटा एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित है। केन्द्रीय मंत्री जी....
corona virus

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के तीसरे मामले की पुष्टि हुई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हाल ही में चीन से केरल लौटा एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित है। केन्द्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि कोरोना वायरस के कहर के कारण उत्पन्न स्थिति पर नजर रखने के लिए केन्द्र ने एक कार्यबल का गठन किया है। वहीं, देश में कोरोना वायरस संक्रमण को काबू में करने के लिए तैयारियों की समीक्षा, निगरानी और मूल्यांकन के लिए गठित एक मंत्रिसमूह की सोमवार को पहली बैठक हुई। मंत्रिसमूह में केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, हरदीप पुरी, एस जयशंकर, जी किशन रेड्डी, अश्विनी कुमार चौबे और मनसुख लाल मंडाविया शामिल हैं।


इस बीच केरल की स्वास्थ्य मंत्री के. के. शैलजा ने विधानसभा में बताया कि संक्रमित छात्र को कासारगोड में कान्हानगढ़ जिला अस्पताल में आइसोलेशन में रखा गया है। उन्होंने बताया कि मरीज की हालत स्थिर है। रविवार तक राज्य में 104 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से तीन में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उधर, चीन में कोरोना वायरस की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 361 और संक्रमित लोगों की कुल संख्या 17, 205 हो गई है। रविवार को जिन 57 लोगों की जान गई उनमें से 56 हुबई प्रांत के थे। 

शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में सबसे बड़ी गिरावट 
शंघाई शेयर बाजार सोमवार को लगभग आठ प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। यह पिछले पांच साल में सबसे बड़ी गिरावट है।

10 दिन में बना अस्पताल चालू
बीजिंग। चीन में फैले जानलेवा कोरोना वायरस से निपटने के लिए मात्र 10 दिन में बनाए गए 1500 बिस्तरों वाले विशिष्ट अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भर्ती शुरू हो गयी। सरकारी मीडिया के अनुसार, सोमवार सुबह 10 बजे अस्पताल में मरीजों का पहला जत्था पहुंचा। हालांकि मरीजों की स्थिति और उनकी पहचान के बार में कोई जानकारी नहीं दी गई है। सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की सैन्य शाखा पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने अस्पताल के लिए 1400 चिकित्सक, नर्स तथा अन्य कर्मी भेजे हैं। 

‘चीन से लगने वाली सीमा बंद हो’
हांगकांग। हांगकांग के सैकड़ों चिकित्सा कर्मियों ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए चीन के साथ लगने वाली सीमा को पूरी तरह बंद करने की मांग को लेकर सोमवार को अपना कामकाज ठप कर दिया। वहीं कई महत्वपूर्ण कर्मचारियों ने आने वाले दिनों में भी यह हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है। आर्थिक केंद्र माने जाने वाले हांगकांग में बीमारी के 15 मामले सामने आए हैं, जिनकी पुष्टि हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर चीनी मुख्य भूभाग से आए लोग हैं जहां से यह महामारी शुरू हुई है। 

अब सिंगापुर और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों की भी हो रही जांच
मुम्बई। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए अब चीन के अलावा सिंगापुर और थाईलैंड से मुम्बई आ रहे यात्रियों की भी जांच की जा रही है, जिसके लिए अतिरिक्त स्वास्थ्य अधिकारी हवाई अड्डे पर तैनात किए गए हैं। महाराष्ट्र सरकार के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 25 स्वास्थ्य अधिकारियों का एक दल भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) को देने का फैसला किया है। यह दल मुम्बई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में आने वाले यात्रियों की जांच में कर्मियों की मदद करेगा।

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें