दिनचर्या में शामिल करना चाहते हैं व्यायाम तो ऐसे करें शुरुआत

Malay, Last updated: Mon, 3rd Feb 2020, 12:17 PM IST
अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्यायाम कितना महत्वपूर्ण है, यह बचपन से ही बताया जाता है। हम कभी-कभार ध्यान आने पर या जरूरत महसूस होने पर व्यायाम कर भी लेते हैं, लेकिन रोजाना व्यायाम करने की आदत बनाना...
प्रतीकात्मक तस्वीर

अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्यायाम कितना महत्वपूर्ण है, यह बचपन से ही बताया जाता है। हम कभी-कभार ध्यान आने पर या जरूरत महसूस होने पर व्यायाम कर भी लेते हैं, लेकिन रोजाना व्यायाम करने की आदत बनाना ज्यादातर लोगों को मुश्किल लगता है। अगर व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करना चाहते हैं तो कुछ आसान तरीके हैं, जिन्हें अपनाकर आप ऐसा कर सकते हैं। 

आपकी दिनचर्या चाहे कितना भी व्यस्त क्यों न हो, अपनी सेहत के लिए दिन में किसी भी समय 30 मिनट का समय तो निकाल ही सकते हैं। दरअसल, व्यायाम को अपने रूटीन में शामिल करने के लिए आप उसे किसी जिम्मेदारी के तहत नहीं लेते हैं। व्यायाम के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य तय करें, जैसे- आपको मोटापा घटाना है, आपको फिटनेस चाहिए, आप लंबी उम्र तक जवान दिखना चाहते हैं, आप बुढ़ापे में हार्ट अटैक या डायबिटीज जैसी बीमारियां नहीं चाहते हैं, एकाग्रता और याद्दाश्त बढ़ाने के लिए व्यायाम करना चाहते हैं आदि। ऐसे किसी एक या एक से ज्यादा लक्ष्य के तय करने के बाद आपके लिए व्यायाम का मन बनाना आसान हो जाएगा।

व्यायाम के लिए समय तय करें 
अक्सर लोग व्यायाम की आदत इसलिए नहीं बना पाते हैं क्योंकि उनके जागने का समय ही नहीं तय होता है। आप फिलहाल जिस समय उठते हैं, उससे 30-40 मिनट पहले उठने की कोशिश करें। एक बार आपने उठने का रूटीन सही कर लिया, तो व्यायाम करना आसान हो जाएगा। अगर दिन के बजाय आप दोपहर या 
शाम में व्यायाम करना चाहते हैं, तो भी इसके लिए एक समय तय करें। 

स्ट्रेचिंग जरूर करें 
कई बार लोग जोश-जोश में 2-4 दिन व्यायाम शुरू तो करते हैं, मगर बाद में शरीर का दर्द, जोड़ों में अकड़न जैसी समस्या होने पर इसे बंद कर देते हैं। आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि अचानक से कोई गतिविधि तेज गति से शुरू करने पर आपकी मांसपेशियों में खिंचाव आता है और हड्डियों पर दबाव बढ़ता है। इसलिए शुरुआती दिनों में आप हल्का व्यायाम करें और इससे पहले 4-5 मिनट स्ट्रेचिंग जरूर कर लें।

अपने लक्ष्य के लिए समय तय करें 
आपने जो भी फिटनेस गोल तय किया है, उसके लिए निश्चित समय भी तय करें। जैसे- अगर आप मोटापा घटाना चाहते हैं, तो आप साप्ताहिक रूप से कितने किलोग्राम वजन घटाने के लिए मेहनत करेंगे आदि। ध्यान रखें कि आप ऐसा लक्ष्य न तय करें, जिसे पाना आपके लिए मुश्किल हो, क्योंकि अगर ये तय समय पर पूरा नहीं हुआ तो फिर आप अपना मोटिवेशन खोने लगेंगे। इसलिए किसी एक्सपर्ट, ट्रेनर या स्पेशलिस्ट से बात करके ही समय तय करें।

समूह में करें व्यायाम 
किसी रेस में अगर आप अकेले दौड़ रहे हैं, तो न आपको जीतने की ललक होगी और न ही लक्ष्य पाने की खुशी साझा करने के लिए कोई साथी होगा। यही गलती अक्सर लोग व्यायाम के साथ करते हैं। अगर आप घर पर ही अकेले व्यायाम कर रहे हैं, तो बहुत संभव है कि कुछ दिन बाद आप बोर हो जाएं और व्यायाम में आपका मन न लगे। यदि आप समूह में व्यायाम करेंगे और दोस्तों, परिवार के लोगों को भी अपने साथ शामिल करेंगे, तो आपको मोटिवेशन मिलेगा और आप इसे अपनी रूटीन में शामिल कर पाएंगे।

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें