यात्रियों को लूटने वाला गैंग बेनकाब

Malay, Last updated: Tue, 24th Dec 2019, 11:32 AM IST
पटना पुलिस ने एक लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।  गैंग के सदस्य यात्रियों को डरा-धमका या मारपीट कर लूटते थे। दो दर्जन से अधिक आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले इस गैंग ने 22 दिसंबर...
सोमवार को एक प्रेस वार्ता में जानकारी देतीं एसएसपी गरिमा मलिक।

पटना पुलिस ने एक लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।  गैंग के सदस्य यात्रियों को डरा-धमका या मारपीट कर लूटते थे। दो दर्जन से अधिक आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले इस गैंग ने 22 दिसंबर को पीरबहोर थाना क्षेत्र के कुनकुन सिंह लेन से एक यात्री को पिस्टल सटाकर लूट लिया था। आए दिन यात्रियों को लूटने की घटना में जब एसएसपी गरिमा मलिक ने विशेष पुलिस टीम को लगाया तो बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस की टीम ने यात्रियों से लूटपाट करने वाले गैंग के सरगना विक्की कुमार सहित नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।

यहां यात्रियों को लूट चुके हैं बदमाश 
बदमाशों के गैंग ने शहर के पाटलिपुत्रा, श्रीकृष्णापुरी, कंकड़बाग, अगमकुआं, बहादुरपुर, पत्रकारनगर, मेंहदीगंज, आलमगंज, गांधी मैदान, सुल्तानगंज और पीरबहोर थाना क्षेत्र में यात्रियों को निशाना बना चुके हैं। सूचना मिली कि अगमकुआं क्षेत्र में बदमाश किसी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई बदमाशों का नाम सामने आया है।

हर क्षेत्र में की है बड़ी घटना 
यात्रियों को लूटने वाले गैंग ने पटना के हर क्षेत्र में लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। आलमगंज थाना क्षेत्र में बदमाशों ने नवंबर माह में मोबाइल और पैसा लूटा था। क्षेत्र के बिस्कोमान गोलंबर के पास बजरंगपुरी से डेढ़ लाख रुपए लूटा था। वहीं बाइपास थाना क्षेत्र में शीतला मंदिर के पास सोने की अंगूठी मोबाइल और पैसा लूटा था। इसी तरह कुल 24 घटना अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई जिसमें लूटा गया सामान बदमाशों ने खपा दिया था। 

अब जेल होगा इन बदमाशों का ठिकाना
पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाशों में विक्की कुमार उर्फ बॉस, आदित्य राज उर्फ आदि, राज कुमार उर्फ राज, मोहित कुमार उर्फ भकलुआ, संजू कुमार, कल्लू यादव, मनोज कुमार उर्फ गोलू, रवि कुमार, रोहित उर्फ कल्लू, पंकज कुमार शामिल हैं। इन्होंने पूर्व में भी घटनाएं किए हैं, जिनका इतिहास पुलिस खंगालने में जुटी है। 

लूट का सामान भी बरामद 
पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार के साथ लूटा गया सामान बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि दो कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो कीमती घड़ी, आठ सोने की अंगूठी के साथ दर्जनों मोबाइल व अन्य सामान बरामद हुआ है। दो बाइक के साथ पुलिस ने लूट के अन्य सामान भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाश जैकेट भी लूट लेते थे, उसे पहनकर घूमते भी थे।

जारी है यात्रियों को लूटने वाले गैंग की तलाश 
यात्रियों को लूटने वाले अन्य कई बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है। सूत्रों की माने तो पुलिस को बदमाशों से जो सुराग लगा है उसी के आधार पर छानबीन की जा रही है। एसएसपी गरिमा मलिक का कहना है कि बदमाशों से पूछताछ की गई है। इस घटना में शामिल और गैंग के अन्य सदस्यों का सुराग लगाया जा रहा है। उम्मीद है कि इन बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद अपराध कम होगा।

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें