...तो दफ्तर में भी रहेंगे ऊर्जा से भरपूर

Malay, Last updated: Sat, 14th Mar 2020, 5:32 PM IST
आजकल की सुस्त जीवनशैली लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रही है। घर से दफ्तर और दफ्तर से घर की इस भागदौड़ में इंसान अपनी सेहत के लिए वक्त तक नहीं निकाल पाता। अगर आपको अपने दफ्तर में व्यायाम करने का...
प्रतीकात्मक तस्वीर

आजकल की सुस्त जीवनशैली लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रही है। घर से दफ्तर और दफ्तर से घर की इस भागदौड़ में इंसान अपनी सेहत के लिए वक्त तक नहीं निकाल पाता। अगर आपको अपने दफ्तर में व्यायाम करने का मौका मिले, तो आपकी सुस्ती दूर हो सकती है। 

एक सुस्त जीवनशैली आपकी फिटनेस को नुकसान पहुंचा सकती है। अक्सर देखा गया है कि दफ्तर में काम करने वाले लोग ज्यादा सुस्ती का शिकार रहते हैं। सुबह से शाम तक एक ही जगह पर बैठकर काम करने की दिनचर्या शरीर को ढीला कर देती है। सैर-सपाटा, व्यायाम आदि से दूरी बढ़ जाने से कई समस्याएं सामने आ रही हैं। अगर आपको अपने दफ्तर में व्यायाम करने का मौका मिले, तो सुस्ती दूर हो सकती है। कार्यस्थल पर किए जाने वाले हल्के-फुल्के व्यायाम सेहत में सुधार कर सकते हैं।
कंप्यूटर के सामने ही न बैठे रहें : दफ्तर में कंप्यूटर के सामने बैठे रहने के दौरान आपको जब भी अपनी उंगलियों में दर्द महसूस हो, अपने पंजों को खोलें और बंद करें। यह उंगलियों के लिए अच्छा व्यायाम है। कंप्यूटर स्क्रीन छोड़कर ऑफिस से बाहर आकर आसमान का नजारा लें। आंखों को आराम देते हुए ठंडे पानी से आंखों को धोएं। कुछ देर पलक बंद करके उंगली से आंखों को सहलाएं।

एड़ियों और पंजों को चलाएं 
सीट पर बैठे-बैठे एड़ियों को उठाकर फिर इन्हें धीरे-धीरे जमीन पर वापस रखें। इससे आपके शरीर का निचला हिस्सा सामान्य रूप से काम करता रहेगा। बैठे रहने के दौरान अपने पैरों के पंजों को हिलाने की कोशिश करें। हालांकि, इस दौरान आपकी एड़ी जमीन पर ही टिकी रहनी चाहिए। अगर आपका दफ्तर ऊपरी मंजिल पर है, तो लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों का प्रयोग करें, इससे शरीर सक्रिय रहेगा और सुस्ती महसूस नहीं होगी। अकसर लोग जल्दी पहुंचने के चक्कर में लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं, इससे बचें।

शरीर को ऐसे दें आराम 
कुर्सी पर सीधे बैठ जाएं और दोनों आंखों को उंगलियों से बंद कर लें। दोनों हाथों के अंगूठों से कानों को बंद करें। कोशिश करें कि इस समय न तो आपको कुछ सुनना है और न ही कुछ देखना-बोलना है। आप अगर इस समय ॐ या अपने धर्म के अनुसार कोई भी ऐसा वाक्य बोलते हैं तो यह मन के लिए अच्छा प्रयास है। इसी तरह 5 मिनट बैठें। उसके बाद आप पूरी तरह से फ्रेश महसूस करेंगे। इसके लिए आप कुछ योगासन भी सीख सकते हैं, लेकिन उसका नियमित अभ्यास जरूर करें, ताकि उसका पूरा लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य जांच को न करें नजरअंदाज 
अपनी शक्ल और सूरत को निखारने के लिए लोग नियमित सैलून या पार्लर जाना नहीं भूलते, लेकिन आंतरिक सेहत का ध्यान रखने में लापरवाही बरतते हैं। एक सोच बना ली गई है कि जब तक बीमार नहीं होते, तब तक डॉक्टर के पास क्या जाना। नियमित हेल्थ चेकअप से आप न सिर्फ मौसमी बीमारियों की चपेट से सुरक्षित रहेंगे, बल्कि बड़ी बीमारियां भी आपसे दूर रहेंगी।

दफ्तर वाले व्यायाम 
- गर्दन को पीछे मोड़ना : काम के दौरान बीच-बीच में गर्दन को पीछे की ओर ले जाएं या इधर-उधर धुमाएं। 
- थकान करें दूर : कमर के पीछे दोनों हाथों का दबाव बनाकर आप अपनी थकान को दूर कर सकते हैं।
- कंधे को उठाएं : अपने कंधों को जितना हो सके, उतना ऊंचा उठाएं और इसके बाद इन्हें आगे-पीछे करके हिलाने की कोशिश करें। 
- खिंचाव : लंबे समय तक बैठने से मांसपेशियों में खिंचाव आ जाता है, जिसे दूर करने के लिए घुटने, कमर और छाती की मांसपेशियों का व्यायाम करें।
- स्थिरता : एक पैर पर खड़े होना और पेल्विक ब्रिज स्थिरता बनाए रखने के लिए सबसे अच्छा व्यायाम है।
- शक्ति : ऑफिस की कुर्सी पर बैठना और दीवार पर अपने शरीर का धक्का लगाना।

चहलकदमी करें 
कुर्सी से उठते-बैठते रहने का व्यायाम करीब एक समय पर 10 बार करें। आप इसे दिन में तीन बार भी कर सकते हैं। बीच-बीच में उठकर चहलकदमी करते रहें। फोन पर बात करनी हो, तो कुर्सी छोड़कर चहलकदमी करते हुए बातें करें। दफ्तर में लंच करने के बाद एकदम से अपनी सीट पर बैठकर काम करना शुरू न कर दें। थोड़ा बाहर टहल कर आएं और अपने सहयोगियों के साथ हंसी-मजाक करें, ताकि दिमाग शांत और स्थिर हो सके।

आज का अखबार नहीं पढ़ पाए हैं।हिन्दुस्तान का ePaper पढ़ें |

अन्य खबरें